मुंबई
मेट्रो-1 के यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए अब अधिक समय तक कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। एक टोकन (टिकट) खरीदने के समय में अब दो यात्री टिकट खरीद पा रहे हैं। टिकट बिक्री प्रक्रिया को रफ्तार देने के लिए रिलायंस इन्फ्रा ने प्लास्टिक के टोकन देने के बजाय पेपर QR टिकट देना गुरुवार से शुरू किया है।पेपर QR टिकट के माध्यम से एक मिनट में 12 टिकट की बिक्री होती है, जबकि टोकन सिस्टम से 1 मिनट में केवल 6 टिकट की ही बिक्री हो पाती थी। घाटकोपर से वर्सोवा के बीच चल रही महानगर की पहली मेट्रो में रोजाना हजारों की संख्या में यात्री सफर करते हैं। आकड़ों के अनुसार, बीते 5 साल में मेट्रो 1 से करीब 630 मिलियन यात्री सफर कर चुके हैं| अब तक मेट्रो के टोकन में यात्रा का विवरण नहीं होता था। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। QR टिकट में यात्रा का पूरा विवरण लिखा होगा। मेट्रो-1 प्रवक्ता के अनुसार, नए टिकट में यात्री ने कहां से टिकट खरीदी है, उसे किस स्टेशन पर उतरना है। किराया, टिकट लेने का समय, सिंगल या रिटर्न टिकट है, पूरा विवरण लिखा होगा। QR टिकट के प्रिंट करने के लिए थर्मल प्रिंटर का उपयोग हो रहा है, जो अन्य प्रिंटर की अपेक्षा तेजी से प्रिंट करते हैं।
मेट्रो ‘QR’ कोड टिकट